नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान में अब एक हफ्ते से भी कम का वक्त रह गया है। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर की कमान खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संभाली है। इसी कड़ी में आज प्रधानमंत्री दिल्ली में अपनी पहली रैली को संबोधित कर रहे हैं। कड़कडडूमा स्थित सीबीडी ग्राउंड पहुंच में पीएम मोदी का संबोधित जारी हैं। उन्होंने कहा दिल्ली के लोगों ने लोकसभा में ७ सीटें दी वोटर अब अपनी दिल्ली को बदलेगा और उसे आधुनिक और सुरक्षित बनाएगा। दिल्ली के लोगों का मन दिख रहा है। उन्होंने कहा यह चुनाव दिल्ली का भविष्य तय करेगा। पीएम ने सीएए कानून का जिक्र करते हुए कहा कि ७० साल बाद यह कानून बन सका। इसके अलावा भी उन्होंने सरकार द्वारा लागू किए गए विभिन्न कानूनों का जिक्र किया। पीएम मोदी ने अनुच्छेद ३७० का जिक्र करते हुए कहा कि उसे हटाने का निर्णय ७० साल बाद आया। राम जन्मभूमि, करतारपुर कॉरिडोर, भारत-बांग्लादेश, पुराना पाकिस्तान सीमा विवाद जैसे सभी मसले ७० साल बाद दूर हुए। देश के इतिहास में पहली बार हुआ है कि विपक्ष को सरकार से शिकायत है कि सरकार इतनी तेज काम क्यों कर रही है। वे कहते हैं मोदी जी इतनी जल्दी क्या है, इतनी तेजी से काम क्यों कर रहे हो, थोड़ा धीरे-धीरे चलो, थोड़ा आराम करो। पीएम मोदी ने २०२२ तक हर गरीब को अपना पक्का घर देने का संकल्प लेने की बात भी कही। देश में अब तक २ करोड़ से ज्यादा घर पीएम आवास योजना के तहत बनाए जा चुके हैं, वहीं लगभग २ करोड़ घर और सरकार बनाने जा रही है। इसके पूर्व, दिल्ली की अवैध कॉलोनियों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा आजादी के बाद से ही यह समस्या शुरू हो गई थी। दिल्ली के ४० लाख से ज्यादा लोगों को उनकी सबसे बड़ी चिंता से भाजपा सरकार ने मुक्त किया है। उन्होने कहा भाजपा को कहती है वह करती है। पीएम मोदी की रैली को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है। इसके साथ ही पार्टी के आला नेता भी रैली में मौजूद रहेंगे। बता दें कि दिल्ली चुनाव में इस बार भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच बड़ा मुकाबला है। वहीं दूसरी ओर कई सीटों पर कांग्रेस से भी इन दोनों दलों को कड़ी चुनौती मिल रही है। केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली की सरकार गरीब लोगों को घर नहीं देना चाहती है। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना लागू नहीं हो पा रही है। केद्र ने २ करोड घर बनवाए लेकिन दिल्ली में एक भी घर नहीं बन पाया क्योंकि यहां की सरकार बहकी हुई है। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच जुबानी जंग जारी है। जैसे जैसे चुनाव प्रचार खत्म होने का दिन नजदीक आ रहा है, दोनों ही दलों ने एक दूसरे पर हमले तेज कर दिए हैं। भाजपा जहां सीएम केजरीवाल और सरकार के पांच साल के कार्यकाल को निशाना बना रही है, वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी अपने विकास कार्यों के साथ ही सीएए, एनआरसी जैसे मुद्दों पर भाजपा और पीएम मोदी को घेरने की कोशिश कर रही है।
दिल्ली का भविष्य तय करेगा चुनाव- पीएम नरेंद्र मोदी